दिव्यांगजनों ने अंत्योदय राशन कार्ड सहित कई मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, डीएसओ ने दिया आश्वासन
दिव्यांगजनों ने अंत्योदय राशन कार्ड सहित कई मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, डीएसओ ने दिया आश्वासन
कानपुर, 18 फरवरी । आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजन अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हैं। उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन भी नहीं मिल पा रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी और जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यह बातें बुधवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कही। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय परिसर में अंत्योदय राशन कार्ड बनाने, राशन की दुकानों में पांच प्रतिशत आरक्षण के तहत दुकानों के आवंटन और उज्ज्वला योजना का लाभ दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शासनादेश जारी होने के बावजूद दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि अंत्योदय राशन कार्ड और उज्ज्वला योजना का लाभ मिलने से वंचित दिव्यांगजन गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि राशन की दुकानों में दिव्यांगों के लिए निर्धारित पांच प्रतिशत आरक्षण के तहत आवंटन नहीं किया जा रहा है। कानपुर नगर में केवल दो प्रतिशत कोटा के तहत ही दुकानों का आवंटन किया गया है, जबकि शेष कोटे पर अमल नहीं हो रहा।
इस पर जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) राकेश कुमार ने बताया कि दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वासन दिया गया है। जिन पात्र दिव्यांगजनों को अब तक अंत्योदय राशन कार्ड और उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिला है, उनकी सूची तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे शासन स्तर पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में राशन दुकानों के कोटा आरक्षण के अंतर्गत वर्तमान में कोई पद रिक्त नहीं है। जैसे ही कोई दुकान रिक्त होगी, नियमानुसार दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए सूचना दी जाएगी।