एनडीए में भाजपा बड़े भाई की भूमिका में, 2027 में जीत की हैट्रिक लगाएगा गठबंधन: अनुप्रिया पटेल
प्रयागराज की विजय संकल्प रैली में बोलीं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष—भाजपा बड़ा भाई और अपना दल छोटा सहयोगी; पूर्व आईएएस अनुराग पटेल ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की
प्रयागराज, 29 नवंबर । केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रयागराज में विजय संकल्प रैली में उमड़ा जनसमूह देखकर विरोधी दलों के नेता अंदर से थर-थर कांप रहे होंगे। उनकी धड़कनें बढ़ गई होंगी। यह जनसैलाब यूं ही नहीं उमड़ा है, बल्कि इसके पीछे वर्ष 1995 से डॉ. सोनेलाल पटेल के नेतृत्व में शुरू हुई लंबी यात्रा, तपस्या और संघर्ष है। जनता को एनडीए सरकार पर भरोसा है।
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने यह घाेषणा रविवार को प्रयागराज के अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में है और अपना दल (एस) छोटा सहयोगी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत से जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा।
उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) ने लंबा संघर्ष कर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई है। एक समय पार्टी को वोट काटने वाली पार्टी कहा जाता था, लेकिन कार्यकर्ताओं के संघर्ष और जनता के समर्थन से आज अपना दल उत्तर प्रदेश की तीसरी बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। वर्ष 2002 में चार विधायकों से शुरू हुआ पार्टी का चुनावी सफर 2012 में एक, 2017 में नौ और 2022 में 13 विधायकों तक पहुंचा। वर्ष 2017 में पार्टी ने 11 सीटों पर चुनाव लड़कर नौ पर जीत हासिल की थी, जबकि 2022 में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 13 विधायक विधानसभा पहुंचे। अब 2027 में पार्टी हर सीट पर शत-प्रतिशत जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हुआ है और नए साथी भी जुड़े हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी गठबंधन में बातचीत शुरू नहीं हुई है। जब चर्चा होगी, तब पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और गठबंधन के नए सहयोगियों के बीच तालमेल बैठाकर निर्णय लिया जाएगा। पार्टी एनडीए गठबंधन के साथ प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 820 से 850 तक हो सकती हैं। इनमें महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी का प्रावधान होगा। अपना दल महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रयास करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में बाधा डालेंगी। अब महिलाएं जागरूक हैं और राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ाना चाहती हैं।
रैली में पहुंचने पर बारा विधायक वाचस्पति एवं मधु वाचस्पति सहित अन्य पदाधिकारियों ने अनुप्रिया पटेल को चांदी का मुकुट पहना कर स्वागत किया और चांदी का कप भेंट किया। इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने मंच से गदा लहराकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल सहित पार्टी के विधायक और प्रयागराज के तीनों जिलाध्यक्ष, अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव व फूलपुर के पूर्व सांसद नागेन्द्र सिंह पटेल सहित जिले के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व आईएएस अनुराग पटेल ने ली पार्टी की सदस्यता
रैली के दौरान मिर्जापुर के पूर्व जिलाधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनुराग पटेल ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की। वह उत्तर प्रदेश कैडर के 2009 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं और नवंबर 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पार्टी में शामिल होने को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।