थाना समाधान दिवस में 319 शिकायतें पहुंचीं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
थाना समाधान दिवस में 319 शिकायतें पहुंचीं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
मीरजापुर, 27 जून । शासन के निर्देश पर शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष प्रकरणों के समाधान के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने कोतवाली देहात में, जबकि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कछवां थाने में जनसुनवाई कर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा विभिन्न उप जिलाधिकारियों और नायब तहसीलदारों ने भी संबंधित थानों पर पहुंचकर शिकायतों की सुनवाई की।
जनपद के 18 थानों में कुल 319 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 51 मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक 66 शिकायतें जिगना थाने में प्राप्त हुईं, जबकि कछवां में 30, कोतवाली देहात में 27, लालगंज में 25 और अहरौरा व संतनगर में 18-18 प्रार्थना पत्र मिले। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।