प्रयागराज में किशोरी से दुष्कर्म और मौत के मामले में दोषी को 20 साल की कैद

प्रयागराज में किशोरी से दुष्कर्म और मौत के मामले में दोषी को 20 साल की कैद

प्रयागराज में किशोरी से दुष्कर्म और मौत के मामले में दोषी को 20 साल की कैद

प्रयागराज, 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में लालापुर थाने की पुलिस टीम की प्रभावी पैरवी के चलते दुष्कर्म से आहत होकर आत्मदाह करने वाली किशोरी की मौत के मामले में विशेष न्यायालय ने शुक्रवार को दोषी को 20 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।

विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कक्ष संख्या-एक की अदालत ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी पर कुल 66 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त यमुनानगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि लालापुर थाना क्षेत्र के नागनपुर गांव निवासी विमलेश विश्वकर्मा के खिलाफ 17 सितंबर 2019 को मुकदमा अपराध संख्या 126/2019 दर्ज किया गया था। उस पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में बैठाने, उसके साथ दुष्कर्म करने और अन्य आपराधिक कृत्य करने का आरोप था। घटना से आहत होकर किशोरी ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने 11 नवंबर 2019 को आरोपित के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद अभियोजन विभाग से समन्वय स्थापित कर मामले की सुनवाई के दौरान गवाहों की समयबद्ध गवाही कराई गई और प्रभावी पैरवी की गई। इसी का परिणाम रहा कि 20 नवंबर 2026 को विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कक्ष संख्या-एक ने विमलेश विश्वकर्मा को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।

अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363 में तीन वर्ष का कारावास और तीन हजार रुपये अर्थदंड, धारा 366 में पांच वर्ष का कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड, धारा 342 में एक वर्ष का कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 306 में सात वर्ष का कारावास और सात हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत 20 वर्ष का कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गंभीर अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत लगातार प्रभावी पैरवी की जा रही है। इसका उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाना और अपराधियों को कानून के तहत दंडित कराना है।