काशी तमिल संगमम 5.0: नमोघाट पर सजी सांस्कृतिक संध्या, काशी और तमिलनाडु के कलाकारों ने बांधा समां
भजन, संगीत, कोलाट्टम और नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियों से जीवंत हुई उत्तर और दक्षिण भारत की साझा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत
वाराणसी, 28 नवंबर । काशी तमिल संगमम् 5.0 के उद्घाटन दिवस पर शनिवार शाम वाराणसी के नमो घाट स्थित मुक्ताकाश प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज और दक्षिण क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, तंजावुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में काशी और तमिलनाडु के कलाकारों ने भजन, संगीत, लोकनृत्य और नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और लोक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मंच कला संकाय से जुड़े विजय कपूर और उनके समूह की भजन प्रस्तुतियों से हुआ। कलाकारों ने ‘पूजा है, धरम दीन है, ईमान है गंगा’ और ‘जीवन खत्म हुआ तो जीने का ढंग आया’ जैसे भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद चेन्नई (तमिलनाडु) की गायिका यू. ई. सिंधुजा ने अपनी मधुर गायकी से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, संगीता तिरुपति और उनके समूह ने तमिलनाडु की पारंपरिक लोकनृत्य शैली ‘कोलाट्टम’ की आकर्षक प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, लयबद्धता और लोकनृत्य की विशिष्ट शैली ने दर्शकों को तमिल संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई।
कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति में अनन्या सिंह और उनके समूह ने शिव स्तुति एवं ‘त्र्यम्बक नाद’ पर आधारित नृत्य-नाटिका का मंचन किया। इस कलात्मक प्रस्तुति में शिव आराधना के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत की साझा आध्यात्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और एकात्मता के भाव को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया। सांस्कृतिक संध्या का समापन गणानप्रकाशम और उनके समूह की ऊर्जावान प्रस्तुति ‘करुप्पसामी अट्टम’ से हुआ। तमिलनाडु की इस पारंपरिक लोकनृत्य शैली के माध्यम से कलाकारों ने वहां की लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं की समृद्ध विविधता से दर्शकों को परिचित कराया। कार्यक्रम में एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों से विद्यमान सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंधों को नई अभिव्यक्ति दी। संगीत, भक्ति और लोककलाओं के इस अनूठे संगम ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करते हुए भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत में निहित एकता का सशक्त संदेश दिया।