जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: गणेश केसरवानी

महापौर ने क्रॉस्थवेट गर्ल्स कॉलेज से बैरहना बंगाली टोला तक नाला सफाई और तालाब नवल राय के सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण

जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 28 नवंबर। शहर में विकास और स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने शनिवार को नगर निगम के अधिकारियों को दिए। वह बाई का बाग चौराहे से क्रॉस्थवेट गर्ल्स कॉलेज होते हुए निरंकारी भवन और बैरहना बंगाली टोला तक नालों की सफाई तथा तालाब नवल राय के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे।

महापौर ने पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर नालों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि नालों की समुचित सफाई कराई जाए और जल निकासी में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना न करना पड़े।

तालाबों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण जरूरी

महापौर ने तालाब नवल राय में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि तालाब शहर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सौंदर्यीकरण का कार्य बेहतर योजना और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि तालाब परिसर नागरिकों के लिए स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थल बन सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों से मिलने वाले सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश लारा, किरन जायसवाल, आकाश सोनकर, गिरिजेश मिश्रा, राजू पाठक, विवेक मिश्रा, बालकिशन सोनकर, शेरु सोनकर, दीपू प्रजापति, अवर अभियंता राम सक्सेना, सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा सहित जलकल विभाग और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।