जौनपुर में 50 हजार का इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे गिरफ्तार, कई जिलों में करता था सप्लाई

मछलीशहर पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त कार्रवाई; आरोपी के खिलाफ जौनपुर, प्रयागराज और मिर्जापुर में आर्म्स एक्ट के पांच मुकदमे दर्ज

जौनपुर में 50 हजार का इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे गिरफ्तार, कई जिलों में करता था सप्लाई

जौनपुर, 27 नवंब। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था। वह कई जिलों में अवैध तमंचा और पिस्टल की सप्लाई करता था। उसके खिलाफ जौनपुर, प्रयागराज और मीरजापुर में आर्म्स एक्ट के पांच मुकदमे दर्ज हैं।

24 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने पुराफगुई नहर पुलिया (प्राइवेट बस अड्डे) के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार देशी तमंचे, चार देशी पिस्टल, छह मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुई थीं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपिताें ने मीरजापुर निवासी सुनील दुबे का नाम बताया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि सुनील ही उन्हें बिक्री के लिए अवैध असलहे उपलब्ध कराता था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर जौनपुर के पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे आठ सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया था।

शनिवार को एसटीएफ वाराणसी की फील्ड इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह और उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव को सूचना मिली कि सुनील मछलीशहर से प्रयागराज जाने वाला है। इस पर एसटीएफ ने मछलीशहर पुलिस के उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह की टीम के साथ पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पिस्टल करीब 30 हजार रुपये और तमंचा पांच हजार रुपये में बेचता था। पुलिस से बचने के लिए रात के समय सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करता था। घटना के दिन वह बंधवा में पहले बेचे गए असलहों की रकम लेने आया था। रकम नहीं मिलने पर प्रयागराज जाने के लिए साधन तलाश रहा था।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते न्यायालय में पेश किया है। उसके खिलाफ मछलीशहर के अलावा प्रयागराज के नैनी और मिर्जापुर के कछवां थाने में आर्म्स एक्ट के पांच मुकदमे दर्ज हैं।---------------