राम मंदिर में शिरडी के साईं मंदिर की तर्ज पर होगी दान प्रबंधन व्यवस्था
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दल ने शिरडी जाकर व्यवस्थाओं का किया अध्ययन, दान की गणना, लेखांकन और सुरक्षित भंडारण को बेहतर बनाने पर जोर
अयोध्या, 28 नवंबर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मन्दिर की दान प्रबन्धन व्यवस्था को और पारदर्शी, सुगम एवं आधुनिक बनाने की दिशा में पहल की है। इसी उद्देश्य से ट्रस्ट का एक दल शिरडी के साईं मन्दिर की व्यवस्थाओं का विस्तृत अध्ययन कर लौटा है।
न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त) और सचिव जगदीश आफले के नेतृत्व में दल ने वहाँ (शिरडी) दान प्रबन्धन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के साथ सुरक्षा, स्वच्छता तथा प्रसाद वितरण की व्यवस्थाएँ देखीं। धनराशि गणना केन्द्र में दान के वर्गीकरण, पंजीकरण और लेखांकन की प्रक्रियाओं तथा सोने-चाँदी के सुरक्षित भण्डारण की व्यवस्था का भी ध्यानपूर्वक अध्ययन किया गया।
दल अब अध्ययन रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसमें श्रीरामजन्मभूमि मन्दिर में अपनाये जा सकने वाले उपायों का उल्लेख होगा। उपायों का चयन अयोध्या की परिस्थितियों और मन्दिर की आवश्यकताओं के अनुसार किया जायेगा। दानदाताओं के बैठने की सुविधा और गणना की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने पर भी विचार किया जायेगा।