प्रयागराज में ‘हनुमान अंश’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में उमड़ी भीड़, भक्ति-सेवा के संदेश से जुड़ रहे दर्शक

सेवा संकल्प अभियान के तहत पीवीआर प्रयागराज में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग जारी है, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में फिल्म को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रयागराज में ‘हनुमान अंश’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में उमड़ी भीड़, भक्ति-सेवा के संदेश से जुड़ रहे दर्शक

प्रयागराज, 28 सितंबर 

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में दर्शकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की पहल पर प्रयागराज के पीवीआर में हो रही इस विशेष स्क्रीनिंग में सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने फिल्म देखी। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भक्ति भाव के साथ फिल्म का आनंद लिया।

फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी जी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक संदेशों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष स्क्रीनिंग का उद्देश्य युवा पीढ़ी को सेवा, भक्ति और समर्पण जैसे जीवन मूल्यों से जोड़ना भी है।

कई शो में दर्शकों की संख्या इतनी अधिक रही कि सभी सीटें भर गईं। इसके बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और कई दर्शकों ने सीढ़ियों तथा जमीन पर बैठकर फिल्म देखी। फिल्म के भावपूर्ण प्रसंगों के दौरान सिनेमाघर का वातावरण कई बार भक्ति और श्रद्धा से भर गया।

खास तौर पर युवाओं और छोटे बच्चों में फिल्म को लेकर उत्साह दिखाई दिया। नई पीढ़ी के दर्शकों ने फिल्म के आध्यात्मिक और प्रेरक संदेशों को रुचि के साथ देखा। फिल्म के गीतों ने भी दर्शकों को प्रभावित किया। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई...’ और ‘जब जिद पे आ गई पार्वती...’ जैसे गीतों को दर्शक गुनगुनाते नजर आए।

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। बाबा नीब करौरी जी महाराज का जीवन सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। विशेष स्क्रीनिंग के माध्यम से इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग लगातार जारी है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से आयोजकों में भी उत्साह है। स्थानीय लोगों के बीच भी फिल्म और इसके संदेश की चर्चा हो रही है।