मशरूम यूनिट पर 12 लाख रुपये तक अनुदान, छोटी इकाई लगाने पर भी मिलेगी एक लाख की सहायता

खुसरोबाग में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, युवाओं और किसानों को मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल

मशरूम यूनिट पर 12 लाख रुपये तक अनुदान, छोटी इकाई लगाने पर भी मिलेगी एक लाख की सहायता


प्रयागराज, 29 नवंबर । मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए उद्यान विभाग युवाओं और किसानों को आर्थिक सहायता दे रहा है। बड़ी मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने पर विभाग की ओर से परियोजना लागत का 40 प्रतिशत यानी अधिकतम 12 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। वहीं, दो लाख रुपये की लागत से छोटी इकाई लगाने पर 50 प्रतिशत यानी एक लाख रुपये का अनुदान मिलेगा।

यह जानकारी रविवार को औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र खुसरोबाग के प्रशिक्षण प्रभारी वीके सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना के अंतर्गत शनिवार को खुसरोबाग में मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण विषय पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान वीके सिंह ने बताया कि इच्छुक युवा कंपोस्ट, स्पॉन और मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए परियोजना तैयार कर विभाग से नियमानुसार अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें स्वरोजगार मिलेगा और दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम में डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित युवाओं के लिए मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण आय बढ़ाने और स्वरोजगार शुरू करने का बेहतर विकल्प है। प्रशिक्षण के तकनीकी सत्र में शुभ सेवा एग्रो वेलफेयर फाउंडेशन, लखनऊ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. एसआर बघेल ने मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीक बताई। उन्होंने कहा कि नया व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं को अभी से कंपोस्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर देनी चाहिए, ताकि समय पर उत्पादन मिल सके। उत्तर भारत में नवंबर से फरवरी तक कम तापमान मशरूम उत्पादन के अनुकूल रहता है। उन्होंने ऑयस्टर और बटन मशरूम की विशेषताओं तथा बाजार में इनकी मांग की जानकारी भी दी।

ऑयस्टर मशरूम का उत्पादन करना आसान

प्रशिक्षण में कु. ईशा ने ऑयस्टर मशरूम उत्पादन की विधि बताई। उन्होंने कहा कि कम संसाधनों में भी इसका उत्पादन शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कंपोस्ट तैयार करने, उसके उपचार और फफूंद व संक्रमण से फसल को बचाने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों के सवालों का जवाब भी दिया।

26 और 27 दिसंबर को होगी कार्यशाला

मशरूम उत्पादन करने वाले किसानों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए 26 और 27 दिसंबर को खुसरोबाग में दो दिवसीय कार्यशाला प्रस्तावित है। इच्छुक प्रतिभागी औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र खुसरोबाग में पहले से पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रशिक्षण प्रभारी वीके सिंह के मोबाइल नंबर 9415128818 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के अंत में मशरूम उत्पादन की तकनीकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बांदा के बिसंडा निवासी हर्षित पांडेय को प्रथम, प्रयागराज के बहरिया निवासी अमित पटेल को द्वितीय और एटा के मारहरा निवासी प्रियांशु को तृतीय पुरस्कार मिला। विजेताओं को उद्यान विभाग की ओर से मशरूम उत्पादन के उपकरण, प्रशिक्षण किट, प्रमाणपत्र और मशरूम बैग दिए गए। इससे पहले प्रतिभागियों ने कौशांबी के मूरतगंज विकासखंड स्थित काजीपुर गांव में मशरूम उत्पादन करने वाले विपुल की इकाई का भ्रमण कर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।