जनकपुर से अयोध्या पहुंचा 51 सदस्यीय तिलकहरू दल, रामलला को लगाएगा पारंपरिक तिलक
माता सीता के मायके से 600 यात्रियों के साथ पहली बार अयोध्या पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस, सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा और वस्त्र लेकर पहुंचे श्रद्धालु
अयोध्या, 29 नवंबर रामनगर में परम्परा को निभाने के लिए रामलला को तिलक लगाने 51 सदस्यीय दल जनकपुर से अयोध्या पंहुचा। रविवार सुबह दल के साथ जनकपुर से पहली बार सरयू-कमला एक्सप्रेस भी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन में करीब 600 यात्री सवार थे।
नेपाल के मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव के नेतृत्व में आए दल में जनकपुर के मेयर, जानकी मंदिर के महंत भी शामिल हैं।
इस अवसर पर आए हुए सभी लोगों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया । अयोध्या में राम-जानकी विवाहोत्सव की पारंपरिक रस्मों में रविवार को एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है। माता सीता के मायके जनकपुर से रामलला का तिलक लेकर 51 सदस्यीय तिलकहरू दल अयोध्या पहुंचा।
अयोध्या पहुंचकर रामलला को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लगाकर भार (नेग) अर्पित किया जाएगा। दल में जनकपुर के मेयर मनोज शाह, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव और नेपाल विहिप के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
10 महिलाएं भी तिलकहरू दल में शामिल हैं, जो माता सीता की सखियों के रूप में विवाहोत्सव की रस्में निभाएंगी। जनकपुर की ओर से रामलला को सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा, मिठाई और वस्त्र सहित विभिन्न उपहार भेंट किए जाएंगे। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अयोध्या और जनकपुर के सदियों पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। त्रेतायुग से चली आ रही राम-जानकी विवाह की परंपरा को आज भी उसी आत्मीयता और श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है।