प्रयागराज में राहुल हत्याकांड का खुलासा, गाली-गलौज से आहत युवक ने की हत्या; 24 घंटे में गिरफ्तार
घूरपुर पुलिस ने सारंगापुर से आरोपी कन्हैया लाल पासवान को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा भी बरामद
प्रयागराज, 30 अगस्त । प्रयागराज जिले में घूरपुर थाने की पुलिस टीम ने गत दिवस हुई युवक राहुल भारतीय की हत्या का खुलासा करते रविवार को आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त औजार बरामद किया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र के सारंगापुर गांव निवासी कन्हैया लाल पासवान उर्फ कंधई पुत्र बलराम पासवान है। गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि पुरानी रंजिश और घटना से पहले हुई गाली-गलौज से आहत होकर राहुल की हत्या की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा भी बरामद किया गया है।
उन्हाेंने बताया कि 29 अगस्त को राहुल के भाई शुभम भारतीय ने घूरपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर चोट पहुंचाकर उसके भाई की हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष अगस्त में राहुल और वीरेंद्र भारतीया ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद से वह राहुल से बात नहीं करता था। आरोपित के अनुसार, 28 अगस्त की रात करीब नौ बजे रीवा रोड के किनारे गांव के पास राहुल ने उससे दोबारा गाली-गलौज कर उसे अपमानित किया। इससे वह आहत हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित घर गया और काफी सोच-विचार के बाद राहुल की हत्या करने का निर्णय लिया। रात में जब राहुल गांव के किनारे बने चबूतरे पर नशे की हालत में लेटा था, तब आरोपित ने मौका पाकर हथौड़े से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। इससे राहुल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपित ने हथौड़े को बाउंड्रीवाल के अंदर झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस टीम ने आरोपित को 30 अगस्त को रीवा हाईवे मार्ग पर सारंगापुर गांव स्थित कटरा की सीढ़ी के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बाउंड्रीवाल के अंदर झाड़ियों से लोहे का हथौड़ा बरामद किया गया।