इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण, 100 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
तीन दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम में आईसीटी, दीक्षा ऐप, मुक्त शैक्षिक संसाधन और साइबर सुरक्षा पर विशेषज्ञ दे रहे जानकारी; 27 नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण।
प्रयागराज, 25 नवंबर । शिक्षा में प्रौद्योगिकी केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने का सशक्त माध्यम है। शिक्षकों को नई तकनीकों के प्रति जागरूक होने के साथ उनका विवेकपूर्ण, आलोचनात्मक और उद्देश्य के अनुरूप उपयोग करना चाहिए। यह बात जय प्रकाश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के विजिटर प्रो. हरिकेश सिंह ने बुधवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में आयोजित तीन दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कही।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), नई दिल्ली के केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईईटी) के संयुक्त तत्वावधान में 25 से 27 नवंबर तक ‘शिक्षकों, शिक्षक-शिक्षकों एवं प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए आईसीटी और उभरती प्रौद्योगिकियां’ विषय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें 100 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षक, विभिन्न जिलों के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रवक्ता और प्रशिक्षु शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुआ। शिक्षा विभाग के प्रो. धनंजय यादव ने स्वागत संबोधन किया। विभागाध्यक्ष प्रो. सरोज यादव ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षकों का तकनीकी रूप से दक्ष होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षक शिक्षा, शैक्षिक अनुसंधान और अकादमिक विकास में विभाग के योगदान पर भी प्रकाश डाला।
सीआईईटी-एनसीईआरटी की सहायक आचार्य डॉ. जिप्सी मल्होत्रा ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी तथा नई डिजिटल तकनीकों के उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. प्रकाश जोशी ने कहा कि बदलती तकनीक और शिक्षार्थियों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण जरूरी है।
उद्घाटन सत्र के बाद तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में डॉ. जिप्सी मल्होत्रा ने दीक्षा ऐप और शिक्षा में उसके उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल शैक्षिक सामग्री की उपलब्धता और शिक्षण में उसके महत्व को समझाया। दूसरे सत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के प्रो. रजनी रंजन सिंह ने मुक्त शैक्षिक संसाधनों की अवधारणा, उपयोगिता और महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण डिजिटल अध्ययन सामग्री के उपयोग और उसे साझा करने की संभावनाओं पर चर्चा की।
अंतिम तकनीकी सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डॉ. सुधाकर सिंह ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित, जिम्मेदार और सतर्कता के साथ उपयोग करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती ईशा अग्रवाल ने किया तथा स्थानीय समन्वयक एवं शिक्षा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रुचि दुबे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्राध्यापक और विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक उपस्थित रहे। 27 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में तकनीकी प्रशिक्षण, व्यावहारिक गतिविधियों और शैक्षणिक चर्चाओं के माध्यम से शिक्षकों को नई तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा।