यूपी में अगले सात दिन मौसम रहेगा शुष्क, सुबह छाएगा कोहरा; बारिश की संभावना नहीं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में नहीं होगी बारिश; सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की आशंका।

यूपी में अगले सात दिन मौसम रहेगा शुष्क, सुबह छाएगा कोहरा; बारिश की संभावना नहीं

प्रयागराज, 25 नवंबर । उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 नवंबर से एक दिसंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। इससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, मौसम के पूर्वानुमान में अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के संकेत हैं। इस दौरान बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में मौसम की स्थिति लगभग एक जैसी रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 25, 26, 27, 28, 29 और 30 नवंबर के साथ एक दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की बहुत अधिक संभावना है। इस अवधि में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे के आसार हैं।