बरेली में यूपी पुलिस की 73वीं फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज
बरेली में यूपी पुलिस की 73वीं फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज
बरेली, 21 जुलाई पुलिस लाइन का मैदान सोमवार को जोश, जज्बे और जुनून का गवाह बना। यहां उत्तर प्रदेश पुलिस की 73वीं वार्षिक फुटबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी अजय कुमार साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले की शुरुआत कराई। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता पांच दिनों तक यानी 21 जुलाई से 25 जुलाई तक चलेगी। इस बार प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 18 टीमें शिरकत कर रही हैं, जिनमें 11 पुरुष और सात महिला टीमें शामिल हैं। पुरुष वर्ग में आगरा, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली जोन और पीएसी के मध्य, पूर्वी, पश्चिमी जोन की टीमें मैदान में उतरेंगी। महिला वर्ग में आगरा, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी और बरेली की टीमें दम दिखाएंगी।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल पुलिस कर्मियों की प्रतिभा को मंच देती हैं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शानदार खेल के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों में अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी मैदान में दमखम दिखाएंगे और पुलिस की सकारात्मक छवि को भी आगे बढ़ाएंगे।
गोरखपुर की धमाकेदार जीत
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गोरखपुर जोन और पीएसी मध्य जोन के बीच खेला गया, जिसमें गोरखपुर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 4-0 से एक तरफा जीत दर्ज की। दूसरे मैच में लखनऊ जोन ने कानपुर जोन पर 2-0 से बढ़त बना ली थी। दर्शकों का उत्साह खिलाड़ियों के हौसले को दोगुना कर रहा था।