नई दिल्ली में होगा भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह का समापन
भारत मंडपम में होगा आयोजन; असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने दी जानकारी, महान संगीतकार की अमर विरासत को दी जाएगी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 23 अक्टूबर । भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह का समापन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के साथ-साथ भारतीय संगीत और संस्कृति को अपनी कालजयी रचनाओं से समृद्ध करने वाले महान कलाकार की जन्म शताब्दी समारोह का समापन उनकी अद्वितीय उपलब्धियों और अमर विरासत के प्रति एक यादगार श्रद्धांजलि होगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. भूपेन हजारिका के सदाबहार गीत आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं और उन्हें एकजुट करते हैं। उनकी संगीत विरासत पीढ़ियों से लोगों को जोड़ने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महान सांस्कृतिक व्यक्तित्व की विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समापन समारोह को अविस्मरणीय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ. भूपेन हजारिका का संगीत और सांस्कृतिक योगदान आज भी लोगों के जीवन में प्रासंगिक बना हुआ है।