राम प्रकाश गुप्ता हॉस्पिटल में ऑपरेशन थियेटर एवं अत्याधुनिक स्किल लैब का लोकार्पण
राम प्रकाश गुप्ता हॉस्पिटल में ऑपरेशन थियेटर एवं अत्याधुनिक स्किल लैब का लोकार्पण
लखनऊ, 21 जुलाई (। गोमतीनगर शहीद पथ स्थित स्व. राम प्रकाश गुप्ता मदर एवं चाइल्ड रेफरल हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में द्वितीय इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर तथा स्किल लैब का लोकार्पण संस्थान के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह ने फीता काटकर किया। स्व. राम प्रकाश गुप्ता मदर एवं चाइल्ड रेफरल हॉस्पिटल लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से सम्बद्ध है।
इस अवसर पर अपने संबोधन में निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह ने कहा कि “लोहिया संस्थान प्रदेश में उत्कृष्ट मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है। मरीजों की निरंतर बढ़ती संख्या और आपातकालीन प्रसव की आवश्यकता को देखते हुए इस द्वितीय ओ.टी. की स्थापना एक दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी कदम है, जिससे मरीजों को त्वरित एवं सुलभ सेवाएं प्राप्त होंगी।”
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की स्किल लैब विद्यार्थियों के प्रशिक्षण, अभ्यास और मूल्यांकन की गुणवत्ता को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगी। यह अत्याधुनिक सुविधा स्नातक एवं परास्नातक छात्रों को सिम्युलेशन आधारित अभ्यास का अवसर प्रदान करेगी, जिससे उन्हें वास्तविक परिदृश्यों से पहले बेहतर तैयारी मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक ने विभाग को बधाई देते हुए कहा कि “यह नवाचार न केवल चिकित्सकीय शिक्षा में मील का पत्थर सिद्ध होगा, बल्कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में भी एक मजबूत पहल है।”
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीकेश सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू सिंह सहित विभाग की वरिष्ठ संकाय सदस्यगण डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. मालविका मिश्रा, डॉ. देवयानी मिश्रा, डॉ. नीति सिंह, डॉ. रूपिता कुलश्रेष्ठ, डॉ. नमिता दोहरे, डॉ. दीपमाला मोदी, डॉ. शालिनी वी. सिंह, समस्त रेज़िडेंट डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।-------------------