छह सितंबर को आबकारी विभाग की विशेष कार्रवाई, 1.42 करोड़ रुपये की जब्ती

छह सितंबर को आबकारी विभाग की विशेष कार्रवाई, 1.42 करोड़ रुपये की जब्ती

भुवनेश्वर, 7 सितंबर  ओडिशा आबकारी विभाग ने 6 सितंबर 2025 को राज्यव्यापी सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए लगभग 1.42 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती की। इस दौरान कुल 264 मामले दर्ज किए गए और 183 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग द्वारा रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिये यह जानकारी दी गई ।

अभियान के दौरान विभाग ने मादक पदार्थ अधिनियम से संबंधित 17 मामले दर्ज किए और 251 किलोग्राम गांजा, 317 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 9 किलोग्राम भांग जब्त की। साथ ही, अवैध शराब और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की भी भारी मात्रा में जब्ती एवं नष्ट किया गया। इसमें 9,723 बीएल अवैध देशी शराब तथा 60,630 बीएल किण्वित वॉश शामिल है।

यह कार्रवाई ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में की गई, जिसमें अवैध शराब निर्माण केंद्रों और आपूर्ति नेटवर्क को निशाना बनाया गया। कई स्थानों पर छिपाकर रखे गए भंडार को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी व उत्पादन पर लगाम लगाना और जनस्वास्थ्य की रक्षा करना है।