पुलिस ने 101 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

पुलिस ने 101 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

पुलिस ने 101 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

कानपुर, 16 फरवरी। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर की कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुमशुदा व चोरी हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये सभी मोबाइल सीआर पोर्टल और यूपी कॉप ऐप पर दर्ज शिकायतों के आधार पर ट्रेस किए गए। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

पुलिस उपायुक्त, पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को बताया कि सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान एक महिला अपने मोबाइल वापस मिलने की खुशी में मिठाई लेकर पहुंची और वहां मौजूद सभी लोगों को मिठाई बांटी। यह दृश्य पुलिस के प्रति आमजन के बढ़ते विश्वास और संतोष को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। मोबाइल के गुम या चोरी हो जाने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ निजी डाटा और संपर्कों के खोने का भी खतरा रहता है। ऐसे में मोबाइल बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में मोबाइल या तो लापरवाही के चलते गुम हो जाते हैं या फिर चोरी कर लिए जाते हैं। चोरी के मामलों में मोबाइल कई हाथों से होकर कम कीमत पर आगे बेचे जाते हैं। जब पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंचती है जिसके पास मोबाइल मिलता है, तो कई बार वह अनजान होने की बात कहता है। फिलहाल चोरी से जुड़े मामलों की जांच जारी है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।