शिक्षकों संग अधिक से अधिक पुराछात्रों से सम्पर्क स्थापित करें एलुमिनाई एसोसिएशन: प्रो. संगीता श्रीवास्तव

--इविवि में पुराछात्र सम्मेलन “फैमिलियर फेसेज फिएस्टा” की तैयारियों के लिए कुलपति ने बैठक में दिए निर्देश

शिक्षकों संग अधिक से अधिक पुराछात्रों से सम्पर्क स्थापित करें एलुमिनाई एसोसिएशन: प्रो. संगीता श्रीवास्तव

प्रयागराज, 18 फरवरी । इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 28 फरवरी को होने वाले पुराछात्र सम्मेलन “फैमिलियर फेसेज फिएस्टा” की तैयारियां जोरों पर है। कार्यक्रम की तैयारियों पर मंथन के लिए बुधवार को कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने पुराछात्र सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिया कि यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन सभी शिक्षकों के साथ मिलकर अधिक से अधिक पुराछात्रों से सम्पर्क स्थापित करें।

कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि एलुमिनाई संस्थान की प्रगति के आधार होते हैं। विश्वविद्यालय की प्रगति में उनके पुराछात्रों को विशेष योगदान होता है। पुराछात्र ही छात्रों के प्रेरणास्रोत बनते हैं और उन्हें हर प्रकार से सहयोग करते हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पुराछात्र पूरे विश्व में फैले हुए हैं। हमारी जिम्मेदारी बनती है कि पुराछात्रों को जोड़कर रखें।

इविवि की पीआरओ प्रो जया कपूर ने बताया कि पुराछात्र सम्मेलन के लिए कुलपति की अगुवाई में आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसके साथ ही 11 अन्य समितियों का भी गठन किया गया है। इसमें पंजीकरण समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, वित्त समिति, कला मेला और कैंपस मैनेजमेंट समिति प्रमुख हैं। बैठक में एलुमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. हेराम्ब चतुर्वेदी और सचिव प्रो. कुमार बीरेंद्र सहित सभी आयोजन समितियों के समन्वयक और सदस्य मौजूद रहे।

--निराला आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी और फूड फेस्टिवल कुलपति ने बताया कि निराला आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी और फूड फेस्टिवल होगा। विश्वविद्यालय में आने वाले आगंतुक यहां स्वादिष्ट व्यंजनों को आनंद ले सकेंगे। पुराछात्र सम्मेलन का शुभारम्भ सीनेट परिसर स्थित प्रो. ईश्वर टोपे सभागार में सुबह 10ः30 बजे होगा। इसके बाद हिमांशु बाजपेई दास्तानगोई करेंगे।

--सांस्कृतिक संध्या में कवि सम्मेलनउन्होंने बताया कि शाम 6ः30 से बरगद लॉन में कवि सम्मेलन होगा। इसमें प्रख्यात कवि पद्मश्री सम्मानित डॉ. अशोक चक्रधर एवं पद्मश्री अवार्डी डॉ. सुनील जोगी और पद्मश्री शायर वसीम बरेलवी पुराछात्रों के सम्मुख प्रस्तुति देंगे।

--पंजीकरण अब 22 फरवरी तक कुलपति ने पुराछात्र सम्मेलन में भाग लेने के लिए पंजीकरण तिथि बढ़ा दी है। अब पुराछात्र 22 फरवरी तक पंजीकरण करवा सकेंगे। इस बार सम्मेलन के लिए वर्ष 2005 या उससे पहले डिग्री प्राप्त करने वाले पुराछात्रों को ही आमंत्रित किया गया है। इस वर्ष पुराछात्र सम्मेलन में भाग लेने के कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। पूर्व में लाइफटाइम सदस्यता ले चुके पुराछात्रों को बिना कोई शुल्क के पंजीकरण किया जा रहा है। हालांकि नए पंजीकरण के पुराछात्रों को 2500 रूपये लाइफटाइम सदस्यता शुल्क देना होगा। जो पुरा छात्र सम्मिलित होना चाहते हैं वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

--खुले रहेंगे सभी विभाग और छात्रावास28 फरवरी को कार्यक्रम के दिन सभी विभाग और छात्रावास भी पुराछात्रों के भ्रमण के लिए खुले रहेंगे। इससे वे अपने छात्र जीवन की यादों से फिर जुड़ सकें और अपने शिक्षकों से भी मिल सकें।

--सर्वश्रेष्ठ उद्यान स्पर्धा भी होगी इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 28 फरवरी को सर्वश्रेष्ठ उद्यान स्पर्धा भी करवाई जाएगी। इसमें तीन श्रेणियों में विश्वविद्यालय कैंपस के बगीचों को परखा जाएगा। प्रथम श्रेणी में कैंपस के निवासी शिक्षकों की ओर विकसित निजी बगीचों में बेहतर खोजा जाएगा। इसके साथ ही महिला और पुरूष छात्रावासों में सबसे बेहतर का चुनाव किया जाएगा। कैंपस में स्थिति विभागों के भी उद्यान में सबसे उत्तम का चुनाव किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ उद्यान स्पर्धा के लिए चार वरिष्ठ शिक्षकों की निर्णायक कमेटी बनाई गई है।