ससुराल से लाैट रहे युवक की कार हादसे में माैत, दो साले घायल
ससुराल से लाैट रहे युवक की कार हादसे में माैत, दो साले घायल
बिजनौर, 15 नवम्बर । नहटौर रोड पर शुक्रवार देर रात एक कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। इसमें नगीना निवासी 32 वर्षीय मुजाहिद अंसारी की मौत हो गई जबकि उनके दो साले अफसार और आसिफ घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नूरपुर से वापस लौटते समय रात आठ बजे नहटौर रोड पर मुजाहिद की कार गांव मंडोरा के पास सड़क पर घूम रहे एक पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और एक पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुजाहिद को मृत घोषित कर दिया जबकि अफसार और आसिफ को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुजाहिद अंसारी मुंबई में काम करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने घर नगीना आए थे। वह शुक्रवार को अपनी ससुराल नूरपुर के मोहल्ला शहीदनगर गए थे। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के मुजाहिद का शव अपने साथ ले गए।