यूपी में बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, दिन के तापमान में 9 डिग्री तक गिरावट; प्रयागराज में अक्टूबर का दूसरा सबसे ठंडा दिन
चक्रवाती तूफान के अवशेष और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक बारिश; कई जिलों में अक्टूबर के पुराने तापमान रिकॉर्ड प्रभावित, अगले सप्ताह दिन में बढ़ेगी गर्मी और रात में बढ़ेगी ठंड।
उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के अवशेषों के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले 48 घंटों से हो रही व्यापक बारिश के चलते प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते अक्टूबर महीने में कई शहरों में ऐतिहासिक रूप से सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर की सुबह चक्रवाती तूफान अर्णब के अवशेष कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गए। उत्तरी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र तक फैली द्रोणी तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आ रही नम पुरवा हवाओं के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा हुई।
कई जिलों में टूटा अक्टूबर की ठंड का रिकॉर्ड
बारिश के प्रभाव से गाजीपुर, बस्ती, बलिया और फुर्सतगंज (अमेठी) में अक्टूबर महीने का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं बाराबंकी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, मुजफ्फरनगर और मेरठ में अक्टूबर का दूसरा सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया।
वाराणसी, झांसी, गोरखपुर और चुर्क (सोनभद्र) में अक्टूबर का तीसरा सबसे ठंडा दिन रहा। राजधानी लखनऊ और कानपुर में भी 2015 के बाद अक्टूबर में अधिकतम तापमान में इतनी गिरावट दर्ज की गई। यहां प्रेक्षण इतिहास का पांचवां सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड हुआ।
अगले सात दिनों में फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम प्रणालियों का प्रभाव कमजोर पड़ने के साथ 31 अक्टूबर से बारिश में व्यापक कमी आने की संभावना है। धीरे-धीरे आसमान साफ होगा। आगामी एक सप्ताह के दौरान दिन के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।