यूपी रेरा ने 6 जिलों की 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, ₹1,663.85 करोड़ का निवेश
मंजूर परियोजनाओं के तहत लखनऊ, गाजियाबाद, हापुड़, अयोध्या, प्रयागराज और कानपुर में कुल 3,090 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है।
लखनऊ, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण ने राज्य के छह जिलों की 12 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में कुल अनुमानित निवेश 1663.85 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं के माध्यम से कुल 3090 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। मंजूर की गई परियोजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित श्रेणी की परियोजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं को यूपी रेरा की 214वीं अथॉरिटी बैठक में मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में परियोजनाओं पर विचार किया गया। परियोजनाओं की मंजूरी के साथ प्राधिकरण ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया है कि रियल एस्टेट परियोजनाओं का विकास निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुसार हो व घर खरीददारों के हितों की रक्षा की जाए।
छह जिलों की परियोजनाओं को मंजूरी
मंजूर की गई परियोजनाओं से प्रदेश के अलग-अलग शहरों में आवासीय और व्यावसायिक सुविधाओं का विस्तार होगा। लखनऊ में कुल चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें दो आवासीय, एक व्यावसायिक और एक मिश्रित परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं में कुल 609.35 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 1972 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
गाजियाबाद में कुल तीन आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में कुल 605.06 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा। इनके माध्यम से 574 आवासीय इकाइयों का विकास किया जाएगा।
हापुड़ में दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में कुल 123.45 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 192 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार अयोध्या में 72.61 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 85 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
प्रयागराज में एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसमें 51.66 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 109 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
कानपुर में भी एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना में 201.72 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 158 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं में कुल ₹1663.85 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। परियोजनाओं के निर्माण से रियल एस्टेट क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ेंगी।
परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने पर यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र के व्यवस्थित और पारदर्शी विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की समयबद्ध मंजूरी के साथ उनकी निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नई परियोजनाओं से प्रदेश में आवासीय और व्यावसायिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।