अखाड़े को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी, जरूरत पड़ी तो करेंगे कानूनी कार्रवाई: जगतार मुनि
अखाड़े को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी, जरूरत पड़ी तो करेंगे कानूनी कार्रवाई: जगतार मुनि
प्रयागराज, 24 नवंबर। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण की प्रतिष्ठा और परंपराओं को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अखाड़े के विरुद्ध भ्रामक और आपत्तिजनक बयानबाजी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह बात मंगलवार को मुट्ठीगंज स्थित अखाड़ा परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में अखाड़े के सचिव महंत जगतार मुनि ने कही। उन्होंने कानपुर के करौली शंकर पर अखाड़े की मर्यादा तोड़ने और उदासीन परंपरा के विपरीत गतिविधियां करने का आरोप लगाया। महंत जगतार मुनि ने कहा कि करौली शंकर जब महामंडलेश्वर बनने के लिए अखाड़े से जुड़े थे, उस समय उन्होंने स्वयं को नया उदासीन अखाड़े से संबंधित बताया था। उन्होंने महामंडलेश्वर बनाने का आग्रह किया था। अखाड़े की परंपरा के अनुसार कुंभ के दौरान महामंडलेश्वर बनाए जाते हैं, लेकिन उनके विशेष आग्रह पर उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद करौली शंकर ने अखाड़े में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें हजारों लोगों को बुलाया गया। इस दौरान तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां की गईं, जो उदासीन परंपरा का हिस्सा नहीं हैं। अखाड़े में सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना होती है, लेकिन किसी प्रकार के पाखंड, ढोंग और तंत्र-मंत्र को मान्यता नहीं दी जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि अखाड़े के आराध्य जगतगुरु आचार्य श्रीचंद्र भगवान की पूजा के स्थान के पास अपने गुरुओं के चित्र लगाए गए। मंदिर का दानपात्र हटाकर अपना दानपात्र रख दिया गया और रसीद काटकर धन एकत्र किया जाने लगा।
महंत जगतार मुनि ने कहा कि जिस समय ये गतिविधियां हुईं, उस दौरान अखाड़े के पंच नासिक कुंभ की व्यवस्थाओं में व्यस्त थे और कोठारी हरिद्वार में थे। बाद में जब पंचों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने आपत्ति जताई। अखाड़े की मर्यादा और परंपराओं के उल्लंघन को लेकर करौली शंकर से नाराजगी जताई गई। इसके बाद से वह अखाड़े में नहीं आए और अब अखाड़ा छोड़ने के बाद संस्था के विरुद्ध कथित भ्रामक बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण अपनी धार्मिक परंपराओं, सिद्धांतों और मर्यादाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी व्यक्ति के संस्था छोड़ने से अखाड़े की प्रतिष्ठा, परंपरा और कार्यप्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। अखाड़ा सनातन धर्म की परंपराओं का निर्वहन करने के साथ भारतीय संविधान के नियमों का भी पालन करता है। संस्था को बदनाम करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी रूप से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेसवार्ता में श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़े के महंत दुर्गा दास ने भी करौली शंकर की बयानबाजी पर आपत्ति जताई। संचालन अखाड़े के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने किया।