केशव मौर्य ने प्रयागराज-कौशांबी BJP पदाधिकारियों से की बैठक, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर

लखनऊ में हुई बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।

केशव मौर्य ने प्रयागराज-कौशांबी BJP पदाधिकारियों से की बैठक, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर

प्रयागराज, 22 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार काे अपने लखनऊ स्थित आवास पर प्रयागराज और कौशांबी के भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।

उन्हाेंने भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की बूथ स्तर तक सक्रिय भागीदारी जरूरी है। “बूथ मजबूत तो हम मजबूत, बूथ जीता तो चुनाव जीता” के सूत्र को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचना होगा।

इस दौरान संगठनात्मक विषयों के साथ वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों से अभियान से जुड़े कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संपर्क और समन्वय बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने पदाधिकारियों से स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चायल विधायक पूजा पाल, कौशांबी जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी और प्रयागराज महानगर पिछड़ा मोर्चा प्रभारी मनोज कुशवाहा मौजूद रहे।