प्रयागराज में घरेलू विवाद के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत, पिता हिरासत में

करछना के कैथी गांव में विवाद के दौरान पिता पर 12 वर्षीय बेटे पर चाकू और डंबल से हमला करने का आरोप है; पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रयागराज में घरेलू विवाद के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत, पिता हिरासत में

प्रयागराज, 22 सितंबर । प्रयागराज जिले में करछना थाना के कैथी गांव में मंगलवार को एक बारह वर्षीय की पिता के हमले से जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि यह वारदात घरेलू विवाद के दौरान हुई है। पिता को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि करछना के कैथी गांव निवासी अभिषेक द्विवेदी(12) पुत्र रघुनंदन द्विवेदी का किसी बात को लेकर मंगलवार को पिता से विवाद हो गया। विवाद के दौरान पिता रघुनंदन द्विवेदी ने बेटे अभिषेक पर चाकू और डंबल से हमला कर दिया। हमले के दौरान अभिषेक द्विवेदी घायल हो गया। वारदात के बाद अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपित पिता को हिरासत में लेकर इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।