सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा 19 और 20 नवंबर को, छह मंडल मुख्यालयों पर होंगे केंद्र
आठ नवंबर से मिलेगी परीक्षा जनपद की जानकारी, 15 नवंबर से डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र : डॉ. प्रशांत कुमार
प्रयागराज, 06 नवंबर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) भर्ती की लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी में कराई जाएगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत सहायक आचार्य पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसका विज्ञापन आठ सितंबर 2026 को जारी किया गया था। दोनों दिन पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक होगी।
अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी आठ नवंबर से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [https://upessc.up.gov.in](https://upessc.up.gov.in) पर अपने परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से आवश्यक विवरण भरना होगा। परीक्षा जनपद की जानकारी पहले से मिलने से अभ्यर्थियों को यात्रा और आवागमन की व्यवस्था करने में सुविधा होगी।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि आठ नवंबर को जारी होने वाली सूचना केवल परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी होगी। इसे प्रवेश पत्र नहीं माना जाएगा। अभ्यर्थी 15 नवंबर से आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वैध प्रवेश पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और न ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलेगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर वेबसाइट देखते रहने और समय से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अपील की है।