नारी सम्मान केवल नारा नहीं, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता और प्रतिबद्धता : नन्दी

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा

नारी सम्मान केवल नारा नहीं, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता और प्रतिबद्धता : नन्दी

प्रयागराज, 26 अगस्त । नारी सम्मान केवल नारा नहीं, बल्कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है।” यह बातें औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ अवसर पर कहीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की माताओं और बहनों को यह सुविधा देकर उनके सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई दी गई है।

जिला पंचायत सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री जल शक्ति विभाग स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित बड़ी संख्या में माताएं और बहनें मौजूद रहीं।

आज से आजीवन मिलेगी निःशुल्क यात्रा की सुविधा

प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह दिन उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ कर इसे प्रदेश की माताओं और बहनों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा से बुजुर्ग महिलाएं तीर्थाटन के साथ ही अपने रिश्तेदारों और सगे-संबंधियों से मिलने के लिए भी आसानी से यात्रा कर सकेंगी। निःशुल्क यात्रा के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा परिवहन निगम की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले स्मार्ट कार्ड का उपयोग किया जा सकेगा।

रक्षाबंधन पर तीन दिन सहयात्री के साथ भी निःशुल्क यात्रा

रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त तक माताएं, बहनें और बेटियां एक सहयात्री के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस विशेष सुविधा का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं को अपने मायके और रिश्तेदारों तक आसानी से पहुंचने में मदद करना है।

लोकमाता अहिल्याबाई के नाम पर योजना गौरव की बात : नन्दी

मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने सेवा, सुशासन और लोककल्याण के अनेक उदाहरण स्थापित किए। उनके नाम पर शुरू की गई यह योजना वरिष्ठ माताओं और बहनों के सम्मान को समर्पित है।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा केवल किसी त्योहार तक सीमित नहीं है, बल्कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिदिन और आजीवन उपलब्ध रहेगी। सरकार का उद्देश्य मातृशक्ति को सम्मान देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।

मंत्री नन्दी और प्रभारी मंत्री की कलाई पर बांधी राखी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की कलाई पर राखी बांधी। मंत्रियों ने भी मातृशक्ति का सम्मान करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज रवीन्द्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी आपूर्ति संजीव कुमार शाक्य, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा, उपायुक्त श्रम रोजगार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सिविल लाइंस जयकरन प्रसाद सहित परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।