बीएचयू के शोध में बड़ा खुलासा: 50 हजार साल पहले भारत से थाईलैंड और इंडोनेशिया पहुंचे थे मानव पूर्वज
बीएचयू के शोध में बड़ा खुलासा: 50 हजार साल पहले भारत से थाईलैंड और इंडोनेशिया पहुंचे थे मानव पूर्वज
वाराणसी, 21 नवंबर। मानव इतिहास और प्राचीन प्रवास की कहानी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिकों ने एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा है। बीएचयू के वैज्ञानिकों ने छह अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर किए गए अध्ययन में ऐसे आनुवंशिक साक्ष्य जुटाए हैं, जो बताते हैं कि हजारों वर्ष पहले भारतीय उपमहाद्वीप से मानव समूह दक्षिण-पूर्व एशिया की ओर गए थे। इनमें थाईलैंड और इंडोनेशिया प्रमुख हैं। शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका माइटोकॉन्ड्रिया में प्रकाशित हुए हैं।
यह अध्ययन मुख्य रूप से माताओं से संतानों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुंचने वाले माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए के एक विशेष समूह 'हैप्लोग्रुप R30' के विस्तृत विश्लेषण पर आधारित है। शोधकर्ताओं के अनुसार, इस आनुवंशिक समूह की उत्पत्ति लगभग 50 हजार वर्ष पहले भारतीय उपमहाद्वीप में हुई थी। इसके विभिन्न वंशक्रमों का विश्लेषण भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच प्रागैतिहासिक काल से चले आ रहे मानव संपर्क और प्रवास के महत्वपूर्ण प्रमाण प्रस्तुत करता है।
शोध के प्रथम लेखक शैलेश देसाई ने शनिवार को बताया कि अध्ययन का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष भारतीय उपमहाद्वीप और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच हजारों वर्ष पुराने आनुवंशिक संबंधों की पुष्टि करना है। विश्लेषण में सामने आया कि R30 हैप्लोग्रुप की एक विशिष्ट वंशावली लगभग 45,500 वर्ष पहले भारतीय शाखा से अलग होकर थाईलैंड पहुंची थी। इसी समूह की एक अन्य वंशावली करीब 27 हजार वर्ष पहले भारत से इंडोनेशिया की ओर गई थी।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, ये निष्कर्ष संकेत देते हैं कि भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच मानव प्रवास किसी एक समय या एक घटना तक सीमित नहीं था, बल्कि अलग-अलग कालखंडों में लंबे समय तक लोगों का आवागमन जारी रहा। R30 हैप्लोग्रुप को वैज्ञानिकों ने प्राचीन दक्षिणी प्रवास मार्ग के जरिए दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच आनुवंशिक संबंध स्थापित करने वाला महत्वपूर्ण मातृवंशीय समूह माना है।
बीएचयू के जीन विज्ञानी प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया में पाए जाने वाले इस प्रमुख हैप्लोग्रुप की जड़ें भारतीय उपमहाद्वीप में हैं। अध्ययन के मुताबिक, R30 की उत्पत्ति लगभग 50 हजार वर्ष पहले भारतीय उपमहाद्वीप में हुई थी। इसके शुरुआती विकास का संबंध उत्तर भारत से रहा। इसके बाद जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय परिस्थितियों में बदलाव के साथ मानव समूहों का भौगोलिक विस्तार हुआ।
शोध में यह भी बताया गया है कि लगभग 16,700 वर्ष पहले, अंतिम हिमयुग के प्रभाव कम होने और जलवायु में सुधार की शुरुआत के दौरान, उत्तर भारत से कुछ प्राचीन मानव समूह दक्षिण भारत की ओर बढ़े। अनुकूल मौसम और प्राकृतिक संसाधनों की तलाश में हुए इस विस्तार ने आगे चलकर दक्षिण-पूर्व एशिया की ओर मानव प्रवास के लिए भी रास्ते तैयार किए।
मंगलोर विश्वविद्यालय के प्रो. मुस्ताक ने बताया कि इस अध्ययन के लिए वैज्ञानिकों ने विभिन्न मुख्य भूभागों और द्वीपों में रहने वाले समुदायों के 198 आधुनिक एवं प्राचीन डीएनए सीक्वेंस का गहन विश्लेषण किया। इसमें भारत, श्रीलंका और लक्षद्वीप सहित कई क्षेत्रों के नमूने शामिल किए गए। इस व्यापक आनुवंशिक आंकड़े के आधार पर शोधकर्ता R30 हैप्लोग्रुप की वंशावली को नए सिरे से तैयार करने और इसकी एक ऐसी आधारभूत शाखा की पहचान करने में सफल रहे, जिसका विस्तार मुख्य रूप से दक्षिण भारत तक सीमित पाया गया।
——श्रीलंका और लक्षद्वीप के प्राचीन इतिहास पर भी नई रोशनी
शोध के निष्कर्ष केवल दक्षिण-पूर्व एशिया तक सीमित नहीं हैं। इनमें श्रीलंका और लक्षद्वीप में प्राचीन मानव आबादी के बसने से जुड़े महत्वपूर्ण संकेत भी मिले हैं। अध्ययन में श्रीलंका के वेद्दा समुदाय, दक्षिण भारत के उराली कुरुमन समुदाय और लक्षद्वीप के अमिनी एवं चेटलाट द्वीपों के निवासियों में R30 हैप्लोग्रुप के गहरे आनुवंशिक संबंध सामने आए हैं।
शोधकर्ताओं का अनुमान है कि लगभग 11 हजार वर्ष पहले भारतीय उपमहाद्वीप से मानव समूह श्रीलंका पहुंचे थे। बाद में समुद्र का जलस्तर बढ़ने के कारण श्रीलंका और भारतीय भूभाग के बीच प्राकृतिक स्थल संपर्क समाप्त हो गया और वहां की आबादी अलग-थलग विकसित होती रही। वहीं, लक्षद्वीप के कुछ द्वीपों पर मानव आबादी के बसने की शुरुआत लगभग 5,400 वर्ष पहले होने के संकेत मिले हैं। यह निष्कर्ष द्वीपों में मानव बसावट के अब तक के प्रचलित अनुमानों को नए सिरे से देखने का आधार प्रदान करता है।
——अफ्रीका से निकले मानवों की यात्रा में भारत की अहम भूमिका
ग्रिफिथ विश्वविद्यालय के एआरसी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निदेशक प्रो. माइकल पेट्रागलिया ने कहा कि यह शोध अफ्रीका से बाहर निकले आधुनिक मानवों की यात्रा में भारतीय उपमहाद्वीप की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। लगभग 50 हजार वर्ष पहले जब आधुनिक मानव यानी होमो सेपियंस दक्षिण एशिया में फैल रहे थे, तब यहां पहले से मौजूद प्राचीन मानव प्रजातियों (आर्किएक होमिनिन्स) से उनका सामना होने की भी संभावना है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दक्षिण एशिया में मिले लगभग 38 हजार वर्ष पुराने मध्य पुरापाषाण काल के पत्थर के औजार इस दिशा में महत्वपूर्ण सुराग देते हैं। संभव है कि आधुनिक मानव और यहां पहले से मौजूद प्राचीन मानव समूहों के बीच संपर्क हुआ हो और उन्होंने एक-दूसरे से औजार बनाने की तकनीक तथा कौशल भी सीखे हों।
इस प्रकार बीएचयू और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों का यह संयुक्त अध्ययन भारतीय उपमहाद्वीप को मानव इतिहास के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में सामने लाता है। माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए के विश्लेषण से मिले साक्ष्य बताते हैं कि प्राचीन भारत का दक्षिण-पूर्व एशिया, श्रीलंका और हिंद महासागर के द्वीपों के साथ हजारों वर्षों से आनुवंशिक संबंध रहा है। यह शोध न केवल भारत से प्राचीन मानव प्रवास की कहानी को समझने में मदद करता है, बल्कि मानव सभ्यता के प्रसार और विकास में भारतीय उपमहाद्वीप की भूमिका पर भी नई रोशनी डालता है।