सैनिक सम्मान के साथ कैप्टन रामायण प्रसाद पांडेय की अंत्येष्टि संपन्न

ज्येष्ठ पुत्र लेफ्टिनेंट कर्नल आशुतोष पांडेय ने दी मुखाग्नि, सैनिकों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

सैनिक सम्मान के साथ कैप्टन रामायण प्रसाद पांडेय की अंत्येष्टि संपन्न

प्रयागराज, 06 नवंबर। सेना के सेवानिवृत्त मानद कैप्टन रामायण प्रसाद पांडेय की शुक्रवार को सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। सब एरिया के सैनिकों ने चाका स्थित उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत अधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद नैनी के देवरख घाट पर दोपहर 12 बजे उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र लेफ्टिनेंट कर्नल आशुतोष पांडेय ने मुखाग्नि दी।

कैप्टन रामायण प्रसाद पांडेय का गुरुवार को चाका स्थित आवास पर अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। वह 68 वर्ष के थे। उनके परिवार में वृद्ध पिता हौसला प्रसाद पांडेय, पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

कैप्टन पांडेय विश्वायतन योग आश्रम, कटरा, जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक प्रभारी रहे। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार की योजना के तहत छात्र-छात्राओं को योग में डिप्लोमा का प्रशिक्षण दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह नई दिल्ली और जम्मू शाखा में भी आश्रम के निदेशक रह चुके थे।

अंत्येष्टि में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी, मुरली मनोहर जोशी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जय बाबू तिवारी, विशप जॉनसन स्कूल के गणित प्रवक्ता यादवेंद्र त्रिपाठी, कर्नल सुशील शुक्ला, शत्रुंजय, सिद्धेश्वर, अरविंद, महितोष और अंबुज शुक्ला सहित क्षेत्र के अनेक शिक्षाविद, स्थानीय नागरिक और शुभचिंतक उपस्थित रहे।