मीरजापुर: बारात से घर लौटी मां तो संदिग्ध हालत में मृत मिली 17 वर्षीय बेटी
मीरजापुर: बारात से घर लौटी मां तो संदिग्ध हालत में मृत मिली 17 वर्षीय बेटी
मीरजापुर, 21 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के धइसीरिया गांव स्थित अमहवा पुरवा में शुक्रवार की रात 17 वर्षीय किशोरी कशिश राजभर का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन के अनुसार, गांव के पड़ोसी सुनील राजभर के घर शुक्रवार रात बारात आई थी। कशिश अपनी मां प्रियंका के साथ बारात में शामिल होने गई थी। खाना खाने के बाद कशिश अकेले घर लौट आई, जबकि उसकी मां वहीं रुक गई। रात करीब 12 बजे प्रियंका घर पहुंची तो बेटी का शव साड़ी के फंदे के सहारे लोहे की पाइप से लटका देख उसके होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। कशिश अपनी मां के साथ अमहवा पुरवा में रहती थी। उसके पिता बाहर रहते हैं और कभी-कभी घर आते हैं। राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि किशोरी की फंदे से लटकने से मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।