लखनऊ में बारिश बनी आफत, अलग-अलग इलाकों में मकान ढहे; बुजुर्ग की मौत, 3 घायल
बीकेटी में छत गिरने से 65 वर्षीय बजरंगी यादव की मौत हो गई, जबकि रहीमाबाद में कच्ची दीवार गिरने से एक बुजुर्ग समेत तीन लोग घायल हुए।
लखनऊ, 26 सितंबर उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश से जनजीवन बेहाल है। पेड़ और कच्चे मकान गिर रहे हैं, जिसके चलते घटनाएं हो रही है। लखनऊ में अलग-अलग जगहों पर कच्चा मकान गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गये हैं। कई जगह पेड़ गिरने लोगों को काफी नुकसान हुआ है।
बीकेटी थानाक्षेत्र स्थित ग्राम भौली में एक मकान की छत गिर गई। हादसे में बजरंगी यादव (65) की मौत हो गई है। सूचना पर थाना स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जानकारी ली तो मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बजरंगी यादव को ग्राम भौली में ही एक सरकारी आवास आवंटित था। पुराने मकान की छत से पानी आदि टपकने के कारण मृतक छत की मरम्मत के लिए ऊपर चढ़े थे, तभी अचानक छत गिर गई, जिसके मलबे में दबने से उनकी मृत्यु हो गई।
इसी तरह रहीमाबाद थानाक्षेत्र में ग्राम चैना में अत्यधिक वर्षा के कारण कच्चे मकान की दीवार गिर गई। मलबे में बुजुर्ग सुरेश, उनकी बेटी सलोनी और बेटा रजनीश दब गये। घटना की सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों व्यक्तियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए मलिहाबाद भेजा है।
इसी तरह महानगर क्षेत्र स्थित निशातगंज चौथी गली में एक पुराना बरगद का पेड़ गिया है। हालांकि आसपास कुछ इमारत गिर गई है, लेकिन कोई जनहानि की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पेड़ सौ साल पुराना है और बारिश की वजह से पेड़ गिर गया है। बीकेटी थानाक्षेत्र स्थित थाना क्रासिंग के पास सीतापुर हाइवे पर एक पेड़ गिर पड़ा। सूचना पाकर थाना प्रभारी संजय कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रास्ते से पेड़ को हटवाया है। इसी तरह कई जगहों पर पेड़, पुरानी बिजली के जर्जर पोल, मकान के गिरने की खबर हैं। जिला प्रशासन मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव मदद का प्रयास कर रहा है।