मोटापा केवल शारीरिक समस्या नहीं, दीर्घकालिक बीमारी है, समय पर इलाज जरूरी: डॉ. बिंदु रंजन खरे

आईएमए के 91वें यूपी स्टेट एनुअल कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञों ने साझा कीं उपचार की नई तकनीकें; हृदय रोग, मधुमेह, कैंसर और अन्य बीमारियों पर हुए वैज्ञानिक सत्र

मोटापा केवल शारीरिक समस्या नहीं, दीर्घकालिक बीमारी है, समय पर इलाज जरूरी: डॉ. बिंदु रंजन खरे

प्रयागराज, 28 नवंबर । मोटापे को केवल शारीरिक बनावट से जुड़ी समस्या नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक बीमारी के रूप में समझने की जरूरत है। इसके कारण शरीर के विभिन्न अंगों पर पड़ने वाले प्रभाव और उनसे होने वाली बीमारियों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। यह बातें शनिवार को डॉ. बिंदु रंजन खरे ने कही। वह प्रयागराज में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के 91वें यूपी स्टेट एनुअल कॉन्फ्रेंस में मोटापे से जुड़े विषय पर व्याख्यान दे रहीं थी। 28 और 29 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सक आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नई दवाओं, सर्जरी और बीमारियों के बेहतर उपचार पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

प्रयागराज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का उद्घाटन पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आईएमए डॉ. शरद अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम का आयोजन एएमए की अध्यक्ष डॉ. ज्योति भूषण की अध्यक्षता में किया जा रहा है। इसमें आयोजन अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्रा, आयोजन सचिव डॉ. अमित अग्रवाल और डॉ. उत्सव सिंह की प्रमुख भूमिका है।

सम्मेलन में संयुक्त सचिव डॉ. राजेश मौर्य, वैज्ञानिक समिति की अध्यक्ष डॉ. अनुमा श्रीवास्तव और आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. आयुष्मान गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए चिकित्सक अपने शोध, अनुभव और विशेषज्ञता साझा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य चिकित्सा अनुसंधान, इलाज के नए तरीकों, नई दवाओं और विभिन्न बीमारियों के बेहतर उपचार की जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचाना है।

सम्मेलन के पहले दिन हृदय रोग, मधुमेह, सामान्य चिकित्सा, गुर्दे की बीमारियों, कैंसर, स्त्री रोग, हड्डी रोग और सर्जरी सहित कई विषयों पर वैज्ञानिक सत्र हुए। डॉ. ऋषिका पटेल ने ईसीजी से सीओपीडी तक विषय पर व्याख्यान दिया। डॉ. आयुष्मान गुप्ता ने सीओपीडी के बेहतर इलाज में नवीनतम तरीकों की जानकारी दी। वहीं डॉ. मनोज माथुर ने मधुमेह के उपचार में आधुनिक दवाओं और तकनीकों पर चर्चा की।

डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव ने मेडिकल एथिक्स और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर विचार रखे। डॉ. रोहित गुप्ता ने नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर से जुड़ी समस्याओं और उपचार की जानकारी दी।

दूसरे दिन 29 नवंबर को मोटापा, मेटाबॉलिक रोगों, आधुनिक चिकित्सा और सर्जरी की नवीनतम तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। इसमें देशभर से आए चिकित्सकों को चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नए शोध और उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलेगी। इस अवसर पर आईएमए एमयूपी स्टेट के प्रतिष्ठित वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आरकेएस चौहान को सम्मानित भी किया जाएगा।

सम्मेलन के समापन पर एएमए के सचिव डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।