यूपी बाेर्ड परीक्षा: जिले 38,374 छात्र होंगे शामिल, 72 परीक्षा केंद्रों पर हुई सख्त निगरानी की व्यवस्था
यूपी बाेर्ड परीक्षा: जिले 38,374 छात्र होंगे शामिल, 72 परीक्षा केंद्रों पर हुई सख्त निगरानी की व्यवस्था
उरई, 16 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगर बात करें जिला जालौन की तो इस बार जिले से कुल 38,374 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाई स्कूल के 19,070 तथा इंटरमीडिएट के 19,304 विद्यार्थी शामिल हैं।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने बताया कि परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित की जाएंगी, पहली पारी सुबह 8 बजे से 11:15 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक होगी। 72 परीक्षा केंद्रों पर निगरानी होगी। जिले में परीक्षा के लिए 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 6 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं।
परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 6 सचल दल और 3 मंडलीय सचल दल गठित किए गए हैं। ये टीमें परीक्षा अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण करेंगी और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए ताकि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर आधा घंटा पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया है। प्रवेश से पूर्व उनकी सुरक्षा और पहचान संबंधी चेकिंग की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा।
परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी और इंटरनेट कैफे को बंद रखने के आदेश प्रशासन ने जारी किए हैं। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की नकल या जानकारी के आदान-प्रदान को रोकना है। जिलाधिकारी ने कहा है कि परीक्षा को पूरी सुचिता, पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।