हमारी सरकार में आशा वर्कर का मानदेय हुआ दोगुना : ब्रजेश पाठक
हमारी सरकार में आशा वर्कर का मानदेय हुआ दोगुना : ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 16 फरवरी । उत्तर प्रदेश विधानसभा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई तब से आशा वर्कर का मानदेय दो गुना बढ़ा दिया गया है। हम इस बात को स्वीकार करते हैं कि आशा वर्कर हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। इसीलिए हमारी सरकार उनकी चिंता करती है।
प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि वर्तमान में आशाओं द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में किये गये कार्यों के सापेक्ष 3500 रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। आशाओं को अन्य विभिन्न गतिविधियों में भी किये गये कार्यों के सापेक्ष प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
ब्रजेश पाठक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2018 में आशाओं को नियमित गतिविधियों हेतु देय प्रोत्साहन राशि एक हजार से बढ़ाकर दो हजार रुपये प्रति आशा प्रतिमाह किया गया है। आशाओं को वर्ष 2022 से राज्य बजट से दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 750 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किया गया है।
अवधी बोली में सदन में अपनी बात रखते हुए स्वास्थ्य मंत्री व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आशा वर्कर को मातृत्व अवकाश भी मिल रहा है। उनकी अन्य कोई समस्या है तो उसका भी हल किया जाएगा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि रही बात 2027 में इनके सरकार की तो यह मुंगेरी लाल के हसीन सपने ही साबित होंगे। हम ऐसे ही जनता की सेवा करते रहेंगे। आप लोग वहीं (विपक्ष) बैठक कर देखते रहिएगा।
उन्होंने सदन में यह जवाब सपा के सदस्य डॉ. राकेश कुमार वर्मा के आशा कार्यकर्त्री से जुड़े सवाल पर दिया है।
वहीं सपा के सदस्य संदीप सिंह ने कहा कि प्रसव के दौरान सीएचसी तक जाने वाली एएनएम को वहां रहने के लिए सुविधा मिलनी चाहिए। क्या सरकार यह सुविधा प्रदान करेगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि एएनएम को सीएचसी पर ठहरने के लिए कमरा उपलब्ध कराया जाता है।
सपा के सदस्य अतुल प्रधान ने निजी अस्पतालों पर सरकार का अंकुश से जुड़ा सवाल किया। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने मानक के विपरीत चल रहे अस्पतालों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के बारे में सदन को जानकारी दी। पाठक ने बताया कि 500 शिकायत मिली। 170 अस्पतालों का लाइसेंस निरस्त किया। सुनवाई के बाद 59 अस्पताल को पुनः शुरू किया। उन्होंने बताया कि 281 अस्पतालों के खिलाफ एफआईआर की गयी। 426 पैथोलॉजी को नोटिस दिया गया और 91 को सील किया।
अनिल प्रधान ने चित्रकूट में मेडिकल कॉलेज की स्थाना से जुड़ा सवाल किया तो उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले की स्थिति सब जानते हैं। हमारी सरकार सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रहे हैं। चित्रकूट हमारी सरकार के एजेंडे में है। मेडिकल कालेज के लिए केवल बिल्डिंग से नहीं चलता। उसके लिए डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होती हैं।
सपा के सदस्य इंजीनियर सचिन यादव उर्फ जखई के सवाल पर ब्रजेश पाठक ने सदन में कहा कि दैनिक जीवन अस्त व्यस्त है। बच्चे जंक फूड खा रहे हैं। जरूरत से अधिक कैलोरी लेते हैं। रात भर जागते हैं। सुबह देर से उठते हैं। युवाओं से अपील है कि वे रात में जल्दी सोएं और सुबह जल्दी उठें। प्रदेश से अपील है कि प्राकृतिक खेती की तरफ बढ़ें। 30 साल से अधिक आयु के किसी भी युवा की जांच करके उच्च सेंटर को रेफर करते हैं।
यूपी विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई। समाजवादी पार्टी की सदस्य डॉ रागिनी का पहला प्रश्न था। उनके प्रश्नों का उत्तर बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने उत्तर दिया। विपक्ष के सदस्य ने इस विषय पर अनुपूरक किया तो संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने उत्तर दिया। उन्होंने बताया कि कैलोरी का पूरा ध्यान दिया जाता है। बच्चों में नाटापन कम हुआ हुआ है। कम वजन की समस्या दूर हुई है। उन्होंने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। यह मेरा आंकड़ा नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की टीम से मिली जानकारी के आधार पर सदन को अवगत कराया जा रहा है। हमारी सरकार ध्यान दे रही है।