सावन का दूसरा सोमवार: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजी बरेली
सावन का दूसरा सोमवार: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजी बरेली
बरेली, 21 जुलाई । सावन माह के दूसरे सोमवार को बरेली शहर भोलेबाबा की भक्ति में रंगा नजर आया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गलियां और शिवालय गूंज उठे। अलखनाथ मंदिर से लेकर तपेश्वर नाथ मंदिर और बनखंडी नाथ, मढ़ीनाथ, पशुपतिनाथ, त्रिवटीनाथ मंदिराें में शिवभक्तों की टोलियां जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ीं। शिवालयों के बाहर रात दो बजे से ही कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो सुबह होते-होते श्रद्धालुओं के सैलाब में तब्दील हो गईं।
अलखनाथ में भोर से ही उमड़ी भीड़
अलखनाथ मंदिर में सोमवार तड़के चार बजे से ही शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने बाबा को जल चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। ओम नमः शिवाय और जय शिव शंकर के जयघोष वातावरण में गूंजते रहें। इसी तरह तपेश्वर नाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ और अन्य प्रमुख शिवालयों में भी शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
प्रशासन ने संभाली कमान, चप्पे-चप्पे पर रही नजर
कांवड़ यात्रा और सावन के सोमवार की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय कुमार साहनी और एसपी सिटी मानुष पारीक ने अलखनाथ मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआईजी ने दो टूक कहा कि “श्रद्धालुओं की आस्था में कोई खलल नहीं डालेगा। उपद्रव या अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
कांवड़ियों की सेवा में जुटे अफसर, तैनात रही पुलिस फोर्स
कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में फल, जल और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई थी। बदायूं रोड स्थित शिविर में एसपी सिटी मानुष पारीक ने खुद कांवड़ियों को शरबत और फल वितरित किए। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने कड़ा पहरा रखा। निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। ट्रैफिक पुलिस ने वन-वे व्यवस्था लागू कर कांवड़ यात्रा को सुगम बनाया।
रविवार को भी नजर आई श्रद्धा की झलक
सावन के सोमवार काे लेकर भगवान शंकर के प्रति आस्था का नजारा रविवार को ही दिखने लगा था। कछला से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों के जत्थे बनखंडी नाथ मंदिर पहुंचे। रातभर विश्राम के बाद वे सोमवार को अलखनाथ मंदिर रवाना हुए। कैंट क्षेत्र से 30 शिवभक्तों का जत्था गढ़मुक्तेश्वर के लिए रवाना हुआ, जिन्हें सद्भाव समाज सेवा समिति ने माला पहनाकर विदा किया।
इसी क्रम में पंजाबी युवा संगठन की ओर से आयोजित 17वीं डाक कांवड़ यात्रा भी रविवार को सनातन धर्म मंदिर से रवाना हुई। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कांवड़ियों को तिलक कर पुष्प मालाएं पहनाईं। यह जत्था सोमवार को धोपेश्वरनाथ मंदिर पहुंचा और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शहर में छाया श्रद्धा और सुरक्षा का संगम
पूरे शहर में सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धा और सुरक्षा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवभक्तों ने आस्था के रंग में रंगकर सावन की पवित्रता को जीवंत कर दिया। वहीं पुलिस और प्रशासन ने भी व्यवस्था में कोई कसर नहीं छोड़ी। भोले के भक्तों के जयघोष ने पूरे बरेली को शिवमय बना दिया।