कोडीन सिरप मामले में आरोपित प्रशांत उपाध्याय को तलाश रही एसआईटी

कोडीन सिरप मामले में आरोपित प्रशांत उपाध्याय को तलाश रही एसआईटी

कोडीन सिरप मामले में आरोपित प्रशांत उपाध्याय को तलाश रही एसआईटी

वाराणसी, 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली निवासी प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू को कोडीनयुक्त सिरप तस्करी मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) टीम और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीमें हर एक स्थान पर तलाश रही हैं। आरोपित प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू के उत्तर प्रदेश के बाहर किसी राज्य में छुपे होने की आशंका जताई जा रही है।

कोडीन सिरप मामले में बनी विशेष जांच दल (एसआईटी) टीम में शामिल एडीसीपी सरवनन टी. ने अपने बयान में मंगलवार को कहा कि कोडीनयुक्त सिरप तस्करी मामले में मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल और उसके गुरु प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू की तेजी से तलाश की जा रही है। शुभम जायसवाल के गुरु के रूप पहचान बनाने वाले प्रशांत की राधिका इंटरप्राइजेज और राजेंद्र इंटरप्राइजेज पर कार्रवाई हुई है।

बीते दिनों कोडीनयुक्त सिरप तस्करी में अमित यादव की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ में भी प्रशांत उपाध्याय का नाम सामने आया है। अमित यादव ने यूपी एसटीएफ को बताया है कि प्रशांत ने ही फर्जी कंपनियों को बनाने और उसके माध्यम से फर्जी बिल बनाकर बड़ी धनराशि की हेराफेरी करने के तौर तरीके का ज्ञान दिया है।

बताया जा रहा है कि कोडीन युक्त सिरप तस्करी मामले में फरार प्रशांत उपाध्याय ने कई राजनीतिक चेहरे, अधिवक्ताओं, दवा कारोबारियों की बड़ी धनराशि को तस्करी के धंधे में लगाने का ऑफर दिया था और बड़ी कमाई भी कराया है। इस वर्ष की शुरुआत में प्रशांत के मकान की तलाशी हुई थी और आवश्यक दस्तावेज को सीज किया गया था।