कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, जिलाध्यक्ष धरने पर बैठीं
कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, जिलाध्यक्ष धरने पर बैठीं
औरैया, 17 फ़रवरी । लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर औरैया में पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। ग्राम सहबाजपुर स्थित आवास पर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे को हाउस अरेस्ट किया गया। वहीं दिबियापुर में प्रदेश महासचिव अंशू तिवारी तथा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी को भी पुलिस ने घर पर ही रोक दिया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता लखनऊ में विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाने की तैयारी में थे। इसी को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया।
पुलिस के रवैया से नाराज जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे अपने आवास के बाहर समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं। इस दौरान समाजवादी कार्यकर्ता योगेश विरासिया भी उनके समर्थन में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संविधान शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है, लेकिन भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक जिलाध्यक्ष अपने साथियों के साथ आवास के बाहर सड़क पर धरना दे रही थीं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।