सांसद अनुराग ठाकुर ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी
सांसद अनुराग ठाकुर ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

महाकुम्भ नगर, 8 फरवरी (हि.स.)। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मां गंगा, यमुना और सरस्वती के शुभाशीष से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य का वास हो। भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक महाकुंभ है। उ्न्होंने शनिवार को त्रिवेणी के पावन तट पर आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य प्राप्त किया।
प्रयागराज महाकुम्भ में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा सीट से सांसद अनुराग ठाकुर अपनी पत्नी संग पहुंचे। पतित पावनी मां गंगे, यमुना एवं सरस्वती के पावन संगम में आस्था की डुबकी लगाई। मां गंगे का आशीर्वाद लेने के बाद अनुराग ठाकुर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्नान की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "गंगे च, यमुने चैव गोदावरी सरस्वती। नर्मदे सिंधु कावेरी जलेऽस्मिन् सन्निधिं कुरु।।" उन्होंने इस अवसर पर मां गंगा, यमुना और सरस्वती की दिव्य धाराओं के संगम पर पूजा-अर्चना की और सर्वकल्याण की कामना की।
उन्होंने पोस्ट में कहा कि मां गंगा, यमुना और सरस्वती के शुभाशीष से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य का वास हो। उन्होंने महाकुंभ को 'एकता का महाकुंभ' बताया और इसे भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक कहा।
बता दें कि महाकुंभ में अब तक 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संत, राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन आस्था के साथ भाग ले रहे हैं। प्रयागराज का यह महाकुम्भ सनातन संस्कृति की अनंत धारा को विश्व पटल पर गौरवान्वित कर रहा है।