बागपत कलेक्ट्रेट में एक ही परिवार के चार लोगों ने की आत्मदाह की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया
बागपत कलेक्ट्रेट में एक ही परिवार के चार लोगों ने की आत्मदाह की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक परिवार के चार लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। एसडीएम ज्योति शर्मा के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। इस मामले में एसडीएम ने परिवार की पूरी बात सुनने के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक ही परिवार के चार लोग सोमवार को ज्वलनशील पदार्थ की बोतल लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर खुद पर डालने लगे। जैसे ही उनकी यह हरकत कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद एसडीएम के सुरक्षा कर्मियों ने देखी तो शोर मचाते हुए उनके हाथों से ज्वलनशील पदार्थ की बोतलों को छीन लिया। सभी को पकड़कर एसडीम ज्योति शर्मा के सामने पेश किया, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार की बात सुनी। पीड़ितों ने बताया कि एक झोलाछाप डॉक्टर ने उनकी बेटी को पानीपत ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। लड़की को पानीपत से पुलिस ने बरामद किया, लेकिन आरोपित पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसडीएम ज्योति शर्मा ने बताया कि एक परिवार के चार लोग आत्मदाह की कोशिश की है, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें बचा लिया था। मामले की जांच के निर्देश पुलिस को दिए और परिवार को भरोसा दिलाया गया कि उनके साथ न्याय होगा इसके बाद सभी को घर भेज दिया गया।-