बनारस रेल इंजन कारखाना के नए महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पदभार संभाला

—उत्तर रेलवे में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं

बनारस रेल इंजन कारखाना के नए महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पदभार संभाला

वाराणसी, 18 फरवरी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के नवागत महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बुधवार को विधिवत पदभार संभाल लिया।

इससे पूर्व वे उत्तर रेलवे में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

23 मार्च 1968 को उत्तराखंड के खटीमा में जन्मे पंत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा निर्मला कॉन्वेंट, हल्द्वानी तथा बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल से इंटरमीडिएट तक प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने वर्ष 1988 में बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (बिट्स), पिलानी से विद्युत इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।

आशुतोष पंत भारतीय रेलवे विद्युत इंजीनियरिंग सेवा के वर्ष 1989 बैच के अनुभवी अधिकारी हैं। वर्ष 1991 में उन्होंने भारतीय रेल सेवा में प्रवेश किया। उनकी पहली नियुक्ति प्रयागराज में सहायक विद्युत इंजीनियर (रेल विद्युतीकरण) के पद पर हुई। भारतीय रेल में अपने दीर्घ एवं उल्लेखनीय सेवाकाल के दौरान पंत ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रशासनिक एवं तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 2016 में रेल मंत्री ने उन्हें राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया था।