ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोले- ‘2027 में सपा का सफाया, भाजपा फिर बनाएगी सरकार’; विकास-सुशासन पर गिनाईं उपलब्धियां
देवरिया पहुंचे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता सपा को नकार चुकी है और भाजपा प्रचंड बहुमत से फिर सत्ता में आएगी।
देवरिया, 11 सितंबर । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के वर्ष 2027 में प्रदेश में सरकार बनाने के दावे पर तीखा पलटवार किया। शुक्रवार काे जनपद देवरिया पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बदल चुका है। प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को पूरी तरह नकार चुकी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास, सुशासन और बेहतर कानून-व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाया है, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की तस्वीर तेजी से बदली है। विकास के विभिन्न मानकों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, औद्योगिक विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश में व्यापक स्तर पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान पिछड़ेपन, अव्यवस्था और खराब कानून-व्यवस्था से जोड़कर देखी जाती थी लेकिन आज प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर हिस्से को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। एक्सप्रेस-वे, हाईवे, पुल, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। इससे निवेश के अवसर बढ़े हैं और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं भी पैदा हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया प्रदेश की जनता के हितों के बजाय अपने और अपने परिवार की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी को प्रदेश में सरकार बनाने का अवसर मिला, तब-तब सैफई परिवार को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश के आम युवाओं, गरीबों, किसानों और अन्य वर्गों के लिए कितने अवसर पैदा किए गए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता और दंगों का माहौल था। आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भय रहता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ जैसी स्थिति देखने को मिलती थी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब जाति और परिवार की राजनीति से आगे बढ़कर विकास, सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है। भाजपा सरकार ने इसी सोच के साथ काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करेगी और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।