प्रयागराज : प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिली राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने प्रयागराज जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों पर राइड-हेलिंग कियोस्क शुरू किए हैं। यात्री मौके पर राइड बुक करने के साथ पहले से बुक वाहन के लिए निर्धारित स्थान पर आसानी से इंतजार कर सकेंगे।

प्रयागराज : प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिली राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा

प्रयागराज, 05 सितंबर । रेलवे यात्रियों को बेहतर अंतिम छोर तक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने और रेलवे स्टेशन से उनके गंतव्य तक आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा शुरू की है। इस सुविधा की शुरुआत शनिवार को प्रयागराज जंक्शन से कर दी गई।

इस सुविधा के लिए मेसर्स रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड (रैपिडो) को तीन वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर एक कियोस्क सिविल लाइंस की ओर स्थापित किया गया है। इसके अलावा कानपुर सेंट्रल पर दो कियोस्क घंटाघर की ओर तथा गोविंदपुरी स्टेशन पर एक कियोस्क उपलब्ध कराया गया है। इन कियोस्क के माध्यम से यात्री सीधे राइड बुक कर सकेंगे। वहीं, पहले से बुक की गई राइड के लिए निर्धारित स्थान पर आसानी से प्रतीक्षा भी कर सकेंगे। इससे स्टेशन से गंतव्य तक जाने के लिए यात्रियों को वाहन तलाशने में होने वाली परेशानी कम होगी और आवागमन अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक हो सकेगा।

इस अनुबंध से रेलवे को लगभग 6.50 लाख रुपये प्रतिवर्ष राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि राइड-हेलिंग कियोस्क की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को रेलवे स्टेशन से उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए सुगम और व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी दिशा में आधुनिक परिवहन सेवाओं को स्टेशनों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यह पहल उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन, प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के नेतृत्व में की गई है। प्रयागराज मंडल के अनुसार, आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी किया जाएगा। इनमें अलीगढ़, टूंडला, फतेहपुर, सूबेदारगंज, प्रयागराज छिवकी और मिर्जापुर शामिल हैं। इससे अधिक संख्या में यात्रियों को स्टेशन से उनके गंतव्य तक सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।