अब दुकान में ग्राहक की परेशानी खुद समझेगा AI रोबोट! प्रयागराज के 4 भारतीय शोधकर्ताओं को मिला पेटेंट

खुदरा दुकानों में ग्राहकों की जरूरत, पसंद और नाराजगी को तत्काल समझेगी नई तकनीक। कैमरे, सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से खरीदारी के दौरान ही सुझाएगी समाधान।

अब दुकान में ग्राहक की परेशानी खुद समझेगा AI रोबोट! प्रयागराज के 4 भारतीय शोधकर्ताओं को मिला पेटेंट

प्रयागराज, 27 नवंबर। खुदरा दुकानों में ग्राहकों की संतुष्टि बढ़ाने के लिए अब खरीदारी के बाद प्रतिक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से संचालित एक ऐसी रोबोटिक प्रणाली विकसित की गई है, जो ग्राहकों की गतिविधियों, मनोदशा और जरूरतों को समझकर खरीदारी के दौरान ही उनकी समस्याओं का समाधान करने में मदद करेगी। इस नई तकनीक को विकसित करने वाले चार भारतीय शोधकर्ताओं प्रो. रंजीत सिंह, डॉ. सुमन अग्रवाल, डॉ. भर्तृहरि पंड्या और डॉ. सना मोईद को भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय ने पेटेंट प्रदान किया है। यह जानकारी शुक्रवार को इलाहाबाद त्रिपल आईटी झलवा के जनसंपर्क अधिकारी पंकज मिश्र ने दी।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट रोबोटिक डिवाइस सिस्टम फॉर एनहैंस्ड कस्टमर एक्सपीरियंस एंड सैटिस्फैक्शन इन रिटेल एनवायरनमेंट्स नामक इस आविष्कार को पेटेंट संख्या 611016 मिली है। यह प्रणाली कैमरे, ध्वनि पहचानने वाले उपकरणों, विभिन्न संवेदकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से ग्राहकों की गतिविधियों का विश्लेषण करेगी। साथ ही उनकी पसंद, जरूरत और संतुष्टि के स्तर का भी पता लगाएगी।

अभी तक खुदरा दुकानों में ग्राहकों की प्रतिक्रिया खरीदारी के बाद सर्वेक्षण के माध्यम से ली जाती है। ऐसे में कई बार ग्राहकों को समय पर सहायता न मिलना, कपड़े बदलने के कमरे को खोजने में परेशानी होना या छूट की जानकारी स्पष्ट न होने जैसी समस्याओं का पता तब चलता है, जब ग्राहक दुकान से जा चुका होता है। नई प्रणाली इस कमी को दूर करेगी।

यदि किसी ग्राहक को सहायता की जरूरत होगी या वह किसी सेवा से असंतुष्ट दिखाई देगा तो यह रोबोटिक प्रणाली तत्काल इसकी पहचान कर सुधार के सुझाव देगी। जरूरत पड़ने पर ग्राहक के दुकान से खाली हाथ लौटने से पहले ही सहायता के लिए स्वचालित कदम भी उठाए जा सकेंगे।

इस प्रणाली की एक विशेषता यह भी है कि इसे नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित होने के अनुरूप तैयार किया गया है। इससे खुदरा कारोबार में पर्यावरण के अनुकूल तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।

आविष्कारकों के अनुसार, यह तकनीक खुदरा कारोबार में ग्राहक सेवा के तरीके को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अब तक जहां खरीदारी पूरी होने के बाद ग्राहकों की प्रतिक्रिया के आधार पर सुधार किए जाते थे, वहीं इस प्रणाली से खरीदारी के दौरान ही समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान संभव होगा। इससे दुकानदार ग्राहकों की जरूरतों को समय रहते समझ सकेंगे और उनकी संतुष्टि बढ़ा सकेंगे।

---------------