नेपाल से साइकिल लेकर भारत भ्रमण पर निकले दुर्गा पांडे पहुंचे खड़गपुर, 10 राज्यों की यात्रा पूरी; PM मोदी से मिलना है सपना
भारत की संस्कृति, परंपराओं, खान-पान और रहन-सहन को करीब से समझने के लिए नेपाल के दुर्गा पांडे साइकिल से देश की यात्रा कर रहे हैं। करीब 10 राज्यों का सफर पूरा करने के बाद खड़गपुर पहुंचे दुर्गा पांडे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने यात्रा अनुभव साझा करना चाहते हैं।
खड़गपुर, 05 सितंबर। भारत की विविध संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन और अलग-अलग राज्यों के लोगों को करीब से जानने के उद्देश्य से नेपाल से साइकिल लेकर भारत भ्रमण पर निकले एक युवक के खड़गपुर पहुंचने पर स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई। नेपाल के दुर्गा पांडे नामक युवक अब तक साइकिल से भारत के करीब दस राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं।
दुर्गा पांडे साइकिल से लगातार एक के बाद एक राज्य और शहरों की यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान वे स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनके रहन-सहन, संस्कृति, परंपरा और खान-पान के बारे में जानकारी लेते हैं। उनकी यह अनोखी साइकिल यात्रा स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
दुर्गा पांडे के अनुसार, भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और विरासतों का संगम है। भारत की इसी विविधता को करीब से समझने और महसूस करने के लिए उन्होंने साइकिल से देश भ्रमण का निर्णय लिया।
शनिवार खड़गपुर पहुंचने के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और अपनी लंबी यात्रा के अनुभव साझा किए। सीमित संसाधनों और कई तरह की कठिनाइयों के बावजूद साइकिल से लंबी दूरी तय कर उनकी यह यात्रा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
दुर्गा पांडे की एक और विशेष इच्छा है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करना चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपनी भारत यात्रा के अनुभव साझा करने की इच्छा जताई है।
नेपाल से शुरू हुई दुर्गा पांडे की साइकिल यात्रा अब तक भारत के कई राज्यों से होकर गुजर चुकी है। खड़गपुर पहुंचने के बाद भी उनकी यात्रा जारी है। आने वाले दिनों में वे साइकिल से देश के और अधिक राज्यों का भ्रमण कर भारत की विविधता में एकता को करीब से समझना चाहते हैं।