प्रयागराज रोजगार मेले में 467 युवाओं का चयन, 899 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
जसरा के ईश्वरदीन छेदी लाल इंटर कॉलेज में आयोजित रोजगार महोत्सव में 21 निजी कंपनियां शामिल हुईं, विधायक वाचस्पति ने युवाओं से रोजगार मेलों का लाभ उठाने की अपील की।
प्रयागराज, 25 सितंबर
रोजगार के अवसर युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का माध्यम हैं। क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियां रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। यह बात बारा विधायक वाचस्पति ने शुक्रवार को जसरा स्थित ईश्वरदीन छेदी लाल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित रोजगार महोत्सव में कही।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और ईश्वरदीन छेदी लाल इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार महोत्सव में निजी क्षेत्र की 21 कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 899 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 467 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक वाचस्पति ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से चयनित अभ्यर्थियों को उचित वेतन के साथ संतोषजनक रोजगार उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
सहायक निदेशक, सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विधायक को आश्वस्त किया कि रोजगार की इस मुहिम के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि रोजगार महोत्सव की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। इससे युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में सीधे चयन का अवसर मिला। प्रदेश में स्थानीय स्तर पर युवाओं को कंपनियों से जोड़ने के लिए रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ईश्वरदीन छेदी लाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह, उप निदेशक सेवायोजन रविशेखर आनंद समेत अन्य लोग तथा सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। उप निदेशक रविशेखर आनंद ने सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।