प्रयागराज के हंडिया में 3,000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका, 18 कंपनियां लगाएंगी रोजगार महोत्सव
प्रयागराज के हंडिया में 3,000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका, 18 कंपनियां लगाएंगी रोजगार महोत्सव
प्रयागराज, 30 अक्टूबर । बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत पांच नवंबर को एक दिवसीय रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज और श्याम कुमारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आसेपुर, हंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की 18 प्रतिष्ठित कंपनियां 3000 से अधिक पदों पर सीधे भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार महोत्सव पांच नवंबर को सुबह 10 बजे से श्याम कुमारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलीटेक्निक, बीबीए और बीटेक उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराना होगा। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, अंकपत्रों और जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति साथ लेकर आएं। रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और रिक्त पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी भी रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है।
राजीव कुमार यादव ने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समय से पंजीकरण कराकर निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।