SIR विवाद पर प्रयागराज में BJP का कांग्रेस पर पलटवार, गणेश केसरवानी बोले- संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना बंद करें

भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान महापौर गणेश केसरवानी और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह ने कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए; निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों को सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही है।

SIR विवाद पर प्रयागराज में BJP का कांग्रेस पर पलटवार, गणेश केसरवानी बोले- संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना बंद करें

प्रयागराज, 28 सितंबर । कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। यह बात सोमवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वी.के.सिंह और महापौर गणेश केसरवानी ने कही।इन दाेनाें नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए। निर्वाचन आयोग की ओर से हाल में जारी संयुक्त बयान में एसआईआर समेत प्रमुख निर्णयों को सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही गई है।

महापौर ने कहा कि लगातार चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की छवि पर सवाल उठाकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को निर्वाचन आयोग की बैठक और उसके बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा दोनों निर्वाचन आयुक्तों की ओर से प्रमुख निर्णयों पर सहमति की बात स्पष्ट की गई। भाजपा नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का भी उल्लेख किया। निर्वाचन आयोग ने अपने स्पष्टीकरण में कहा है कि एसआईआर से संबंधित फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। महापौर ने कहा कि निर्वाचन आयोग, सर्वोच्च न्यायालय और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर राजनीतिक आरोप लगाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को संस्थाओं से जुड़े विषयों पर तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह ने कहा कि विपक्ष जब जनता के बीच राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ता है तो वह अपनी खीझ संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर निकालता है। उन्होंने एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित रिपोर्ट को तथ्यहीन और काल्पनिक बताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर निर्वाचन आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व राजनीतिक बयान और उनके संबंध में सर्वोच्च न्यायालय में दिए गए हलफनामे का भी उल्लेख किया।

प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, उमेश तिवारी और दिलीप चतुर्वेदी मौजूद रहे।