नोएडा की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, भगदड़ में तीन लोग घायल नोएडा के सेक्टर-65 स्थित जूता बनाने वाली कंपनी में शुक्रवार रात लगी आग, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
नोएडा की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, भगदड़ में तीन लोग घायल नोएडा के सेक्टर-65 स्थित जूता बनाने वाली कंपनी में शुक्रवार रात लगी आग, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
नोएडा, 31 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में थाना फेस तीन क्षेत्र के सेक्टर 65 स्थित एक जूता बनाने वाली कंपनी में शुक्रवार की रात को भयंकर आग लग गई। इस घटना से बेसमेंट में धुआं भर गया। वहां काम करने वाले कई लोग फंस गए और भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर का काबू पाया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने शनिवार को बताया कि बी-77 सेक्टर 65 स्थित जूता बनाने वाली कंपनी में बीती रात को अज्ञात कारण से आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग लगने के चलते बेसमेंट में धुआं भर गया था। घटना के समय कंपनी में छुट्टी हुई थी। लोग कंपनी से बाहर निकल रहे थे। आग लगने से फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन महिलाएं घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में सरिता (23) पत्नी मोनू, कौशल (30 ) पुत्र अनुज यादव, भानु देवी (35) पत्नी रिंकू हैं। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है।