पारिवारिक विवाद में शास्त्री सेतु से गंगा में कूदी तीन बच्चों की मां, मछुआरों ने सकुशल बाहर निकाला
चील्ह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पति से विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला ने गंगा में छलांग लगा दी। नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने समय रहते नाव से पहुंचकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
मीरजापुर, 06 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्री सेतु पर रविवार सुबह पारिवारिक विवाद के बाद तीन बच्चों की मां ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबते देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान गंगा में नाव से मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर महिला पर पड़ गई। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए नाव से पहुंचकर महिला को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।
हुसैनीपुर गांव निवासी 35 वर्षीय राजकुमारी का रविवार तड़के किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह घर से निकल गई और पैदल शास्त्री सेतु पर पहुंची। सुबह करीब सात बजे पुल पर पहुंचते ही उसने गंगा में छलांग लगा दी। महिला को नदी में गिरता देख पुल से गुजर रहे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
महिला नदी में डूबने-उतराने लगी। इसी दौरान गंगा किनारे नाव लेकर मछली पकड़ रहे मछुआरों ने उसे देख लिया। स्थिति को भांपते हुए मछुआरे तत्काल नाव लेकर महिला के पास पहुंचे और उसे पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मछुआरों की मदद मिलने से महिला की जान बच गई। घटना की सूचना मिलने पर चील्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले आई। थाना अध्यक्ष भारत उपाध्याय ने बताया कि महिला को सकुशल बचा लिया गया है। परिजन को थाने बुलाया गया। पुलिस ने महिला और उसके परिजन को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और बाद में महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मछुआरों की तत्परता और साहस की क्षेत्र में सराहना हो रही है। समय रहते महिला को नदी से बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।